Saturday, March 29, 2025

विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने  गांव छुछकवास में स्वतंत्रता सेनानी पाला सिंह राजकीय प्राथमिक पाठशाला में किया मुख्य द्वार का लोकार्पण

April 11, 2025 8:41 PM

विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने  गांव छुछकवास में स्वतंत्रता सेनानी पाला सिंह राजकीय प्राथमिक पाठशाला में किया मुख्य द्वार का लोकार्पण

 

स्वतंत्रता सेनानी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर – कृष्ण लाल पंवार

 

ग्राम पंचायत बीड़ छुछकवास और इस्लामगढ के विकास के लिए 11-11 लाख रुपए देने की घोषणा

चंडीगढ़, 11 अप्रैल- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी राष्ट्रीय की अमूल्य धरोहर हैं, जिनकी बदौलत आज हम आजाद हैं और खुली हवा में सांस ले रहे हैं। महान देशभक्तों के बताए मार्ग पर चलते हुए आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश व प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर  है।

विकास एवं पंचायत मंत्री शुक्रवार को झज्जर के गांव छुछकवास में स्वतंत्रता सेनानी पाला सिंह राजकीय प्राथमिक पाठशाला के मुख्य द्वार के लोकार्पण उपरांत उपस्थित जनों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व मंत्री श्री ओम प्रकाश धनखड़ भी मौजूद रहे।

श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि देश की सेनाओं में आज हर दसवां जवान हरियाणा से है, यह हम सबके लिए गर्व की बात है। कारगिल युद्ध का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस युद्ध में हिन्दुस्तानी सेना ने दुश्मन देश को मात देते हुए सफलता हासिल की थी। पहले शहीद होने पर शहीद का वहीं दाह संस्कार किया जाता था, मगर तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने शहीदों के मान-सम्मान में देश पर प्राण न्योछावर करने वाले शहीद के पार्थिव शरीर को उनके परिजनों तक पहुंचाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। वर्तमान में कोई भी जवान देश सेवा करते हुए शहीद होता है तो उसके परिजनों को एक करोड़ रुपए की नकद राशि और नियमानुसार सरकारी नौकरी प्रदान की जा रही है। इतना ही नहीं 1965 व 1971 की लड़ाई में शहादत देने वाले महान देशभक्तों के परिजनों को चिन्हित करते हुए 300 से ज्यादा पात्रों को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। सरकार का यह कदम शहीदों के प्रति मान सम्मान की भावना को दर्शाता है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व में एक नई पहचान मिली है। देश व प्रदेश में जनसमर्थन से तीसरी बार सरकार बनी है। बिना भेदभाव के एक समान विकास को बढ़ावा मिल रहा है। सरकार का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं को काबिल बनाना है ताकि वे अपने पैरों पर खड़े हो सके इसको लेकर प्रदेश के 1 हजार गांव में ई-लाइब्रेरी की सुविधा प्रदान की जाएगी। गांव में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता का बड़ा हिस्सा है। राज्य सरकार एक हजार गांवों में महिलाओं के लिए सांस्कृतिक केंद्रों की शुरुआत राज्य सरकार करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में गांवों की फिरनियों को नियमानुसार पक्का किया जाएगा व स्ट्रीट लाइट की विशेष व्यवस्था की जाएगी। प्रदेश के 19 हजार से ज्यादा तालाबों का जीर्णोद्धार किया जाएगा, जिनमें 6 हजार तालाबों को चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि हर साल किसानों को किसान सम्मान निधि से सम्मानित किया जाता है। 12 करोड़ किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपए की सम्मान निधि प्रदान की जाती है। उन्होंने गांव बीड़ छुछकवास और इस्लामगढ ग्राम पंचायतों के विकास के लिए 11-11 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एकजुटता के साथ गांवों का विकास कराएं, धन की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि बेरी में किसी भी एक पार्क में  बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के बताए हुए मूल्यों को आत्मसात करते हुए वर्तमान देश व प्रदेश सरकार विकास की नीतियों को लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह के नेतृत्व में युवाओं को बिना पर्ची खर्ची के सरकारी नौकरी मिल रही है। अब तक एक लाख 86 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। आने वाले समय में सरकार 2 लाख और नौकरियां देने का काम करेगी।

सरकार में शहीदों का मान सम्मान सर्वोपरि- ओपी धनखड़

पूर्व मंत्री श्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि देश की आजादी के बाद हमारी सरकार ने स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में सबसे उल्लेखनीय कार्य किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार शहीदों को पूरा मान सम्मान दे रही है।  गांव छुछकवास में स्वतंत्रता सेनानी पाला सिंह राजकीय प्राथमिक स्कूल के द्वार का लोकार्पण पाला सिंह के नाम से किया गया है। इससे युवा पीढ़ी को नई प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पाला सिंह नेता जी सुभाष चंद्र बोस द्वारा गठित आजाद हिंद फौज के सच्चे सिपाही थे,जिन्होंने देश की आजादी में अपना योगदान दिया।

Have something to say? Post your comment

More Entries

    None Found