प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान के बीकानेर ज़िले में स्थित प्रसिद्ध करणी माता मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने देशवासियों के सुख-समृद्धि, आरोग्य और कल्याण की कामना करते हुए देवी मां के चरणों में नमन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस धार्मिक अनुभव को साझा करते हुए लिखा, “बीकानेर में देशनोक के करणी माता मंदिर में दर्शन-पूजन का सौभाग्य मिला। देवी मां से देशवासियों की सुख-समृद्धि, आरोग्य और कल्याण की कामना की।”
बीकानेर के देशनोक में स्थित यह मंदिर करणी माता को समर्पित है, जो राजस्थानी लोक आस्था में एक दिव्य शक्ति के रूप में पूजी जाती हैं। मंदिर अपने विशेष रूप से हज़ारों चूहों की मौजूदगी के लिए भी प्रसिद्ध है, जिन्हें काबा कहा जाता है और देवी मां के स्वरूप माने जाते हैं।
प्रधानमंत्री की यह यात्रा ना केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रही, बल्कि राजस्थान में आगामी चुनावी माहौल के मद्देनज़र भी राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मंदिर में दर्शन के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए थे और प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
प्रधानमंत्री की इस आध्यात्मिक यात्रा को उनके ‘भारत की सांस्कृतिक विरासत’ से जुड़े संदेशों और ज़मीन से जुड़ेपन के रूप में देखा जा रहा है।
बीकानेर में देशनोक के करणी माता मंदिर में दर्शन-पूजन का सौभाग्य मिला। देवी मां से देशवासियों की सुख-समृद्धि, आरोग्य और कल्याण की कामना की। pic.twitter.com/Dug9IhZ57t
— Narendra Modi (@narendramodi) May 22, 2025